जनमत हिन्दी। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने और शहर के हरित भविष्य की मजबूत नींव रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा संचालित अमृत हरित महाअभियान के अंतर्गत शुक्रवार को अमकुही फिल्टर प्लांट परिसर हरियाली के उत्सव का साक्षी बना। जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों और काफी संख्या में नागरिकों ने एक साथ हजारों पौधों का रोपण कर एक पौधा-हर नागरिक के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक और निगमायुक्त तपस्या परिहार ने पौधा रोपकर किया। इस अवसर पर सभी ने यह संकल्प लिया कि सिर्फ पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी समान रूप से निभाई जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि आज का पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य में निवेश है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो कटनी को हरा भरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहभागिता का भी सशक्त उदाहरण है। निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि वृक्ष धरती का आभूषण ही नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक पौधा वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को छाया, स्वच्छ वायु और बेहतर पर्यावरण प्रदान करेगा। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पूरे शहर में हरियाली की ऐसी श्रृंखला विकसित करना है जो पर्यावरण संतुलन को मजबूत करे। उन्होंने बताया कि फिल्टर हाउस में 11 हजार पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होने नागरिकों से अपने घर, विद्यालय, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण कर उसकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही ‘ग्रीन एंड क्लीन कटनीÓ का लक्ष्य साकार होगा। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे पौधारोपण को सिर्फ एक दिवस का कार्यक्रम नहीं मानें, बल्कि इसे जीवन का संस्कार बनाएं। जब हर नागरिक एक पौधा लगाएगा और उसे वृक्ष बनने तक सहेजेगा, तभी कटनी सच मायनों में हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध शहर बन सकेगा। कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उपेंद्र अहिरवार, श्रीमती बीना संजू बनर्जी सहित अन्य की उपस्थिति रही।
हरियाली का महाअभियान: महापौर प्रीति सूरी बोलीं— प्रकृति की रक्षा ही मानव जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा


































































































Leave a Reply