जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा टल गया। कटनी से उमरिया की ओर जा रहा गाजर से लदा ट्रक नीलगायों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक सुरक्षित है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार ट्रक का चालक मंसूर अली इंदौर से गाजर लादकर शहडोल की ओर जा रहा था। मझगवां टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही अचानक दो नीलगाय सड़क के बीचों-बीच आ गईं। चालक ने वन्यजीवों को बचाने के चक्कर में वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी गाजरें सड़क किनारे बिखर गईं। हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और स्थानीय राहगीरों ने तुरंत मदद की, जिससे यातायात सुचारू रूप से बहाल हो गया और लंबा जाम लगने की स्थिति नहीं बनी। यह उल्लेखनीय है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वह वन्यजीवों का कॉरिडोर माना जाता है। यहां लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है, जिसके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह क्षेत्र दुर्घटना संभावित होने और वन्यजीवों का मुख्य आवागमन मार्ग होने के बावजूद वन विभाग पूरी तरह से निष्क्रिय है। विभाग ने इस संवेदनशील क्षेत्र में न तो वाहन चालकों की सतर्कता के लिए कोई सांकेतिक बोर्ड लगाए गए हैं और न ही वन्यजीवों को सड़क हादसों से बचाने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नेशनल हाइवे 43 पर फिर हादसा: नीलगायों को बचाते हुए पलटा ट्रक, चालक सुरक्षित निकला






























































































Leave a Reply