रफ्तार बनी हादसे की वजह: स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, प्रशासन की अनदेखी बेनकाब

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के यातायात और रफ्तार के बीच आज एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। कटनी के दिव्यांचल मैरिज गार्डन के सामने स्कूली बच्चों से भरा एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि घटना के वक्त वहां मौजूद स्थानीय राहगीरों और दुकानदारों ने तत्काल तत्परता दिखाई। राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए सीधे मौके पर पहुंचकर पलटे हुए ऑटो से बच्चों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में ऑटो सवार 3 से 4 स्कूली बच्चों को चोटें आई हैं। घटना के तत्काल बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर स्थानीय प्रशासन और यातायात विभाग पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर क्षमता से अधिक और तेज रफ्तार दौड़ने वाले इन स्कूली ऑटो पर लगाम कब लगेगी। घटना की सूचना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी लेकर कार्रवाई की गई है। आपको बतादें कि शहर में संचालित स्कूलों के बच्चों को घरों से स्कूल पहुंचाने और स्कूल से घर ले जाने के लिए काफी संख्या में सवारी ऑटो रिक्शा का उपयोग किया जा रहा है। ऑटो रिक्शा में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है, स्कूली बच्चों की सुरक्षा से लगातार खिलवाड़ किया जा रहा  है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं, यातायात पुलिस और परिवहन अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *