थाने में लगी आदतन बदमाशों की क्लास: सत्यापन कर अपडेट किया डोजियर, हर गतिविधि पर पुलिस की नजर

जनमत हिन्दी। कटनी जिले में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने क्षेत्र के करीब तीन दर्जन निगरानीशुदा और आदतन बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी गतिविधियों की समीक्षा की और भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी।
थाना परिसर में आयोजित इस विशेष कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी बदमाशों का सत्यापन किया, उनके डोजियर अपडेट किए और वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई। जिन लोगों पर पहले से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं, उन्हें कानून का पालन करने और क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग न करने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन अपराधियों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा रही है, यदि वे निर्धारित अवधि में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिक सुरक्षित माहौल में जीवनयापन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *