कटनी में चोर बेखौफ: बदमाशों ने घर से आभूषण, सड़क से चोरी की बाइक, टैक्टर ट्राली भी लेकर भागे

जनमत हिन्दी। कटनी जिले में शातिर चोर गिरोह ने एक बार फिर पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती दी है। पिछले 24 से 48 घंटों के भीतर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चोरी की ताबड़तोड़ वारदातें सामने आई हैं। जहां कुठला थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान का ताला चटकाकर करीब लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपए नगदी पार कर दी, वहीं कोतवाली, माधवनगर और बाकल थाना क्षेत्रों से तीन मोटरसाइकिलें और एक कीमती ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने के मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सूने घर की अलमारी खंगाल ले गए चोरी: कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रानगर साईं मंदिर के पास रहने वाले अजय वैरागी (23 वर्ष) के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। घटना 2 और 3 जुलाई की दरमियानी रात की है। प्रार्थी जब घर लौटा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारी में रखे 02 नग सोने के हार, 03 नग सोने की चेन, 04 नग सोने की अंगूठियां, 03 जोड़ी चांदी की पायल, 02 नग चांदी की करधन, 08 नग बिछिया और भगवान की एक छोटी सोने की चेन सहित 95 हजार नगद पार कर दिए। पुलिस ने बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

घर के बाहर से ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब: ग्रामीण इलाकों में भी चोर गिरोह सक्रिय है। बाकल थाना अंतर्गत ग्राम बरतरी में रहने वाले विजय रजक के घर के सामने खड़ी नीले रंग की ट्रैक्टर-ट्रॉली को अज्ञात चोरों ने आधी रात को उड़ा लिया। चोरी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार बताई जा रही है। बाकल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

शासकीय अस्पताल परिसर से बाइक चोरी: शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शामिल शासकीय अस्पताल परिसर से भी वाहन चोरी की वारदात सामने आई है। जालपा वार्ड (पुरानी बस्ती) निवासी निखिल खम्परिया (38 वर्ष) अपनी हीरो होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 MF 0772 लेकर अस्पताल आए थे, जिसे परिसर से ही किसी अज्ञात चोर ने पार कर दिया। पुलिस मामले की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

बैंक के सामने पार्क से बाइक चोरी: कोतवाली थाना क्षेत्र के ही विश्वकर्मा पार्क के पास स्थित इंडियन इलाहाबाद बैंक के सामने से एक और बाइक चोरी हुई। अशोक कॉलोनी सुख सागर अपार्टमेंट निवासी अखिलेश कुमार यादव (53 वर्ष) अपनी लाल रंग की मोटरसाइकिल खड़ी कर किसी काम से गए थे, तभी अज्ञात आरोपी ने वाहन पर हाथ साफ कर दिया।

दिव्यांचल गार्डन के पास से मोटरसाइकिल पार: माधवनगर थाना क्षेत्र में भी वाहन चोरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। एनकेजे तिलक कॉलेज छात्रावास में रहने वाले शिवपूजन पांडे (36 वर्ष) रात के समय दिव्यांचल गार्डन के पास आए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक बाहर खड़ी की थी, जिसे रात करीब 9 से 11 बजे के बीच अज्ञात चोर चुरा ले गया। माधवनगर पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *