कटनी के जंगल में 15 वन्यजीवों की मौत से हड़कंप: तीन संदिग्ध हिरासत में, सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र में 15 वन्यजीवों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। घुघरी-कांटी गांव के पास जंगल में गुरुवार सुबह वन विभाग की गश्ती टीम को 13 चीतल और 2 सांभर मृत अवस्था में मिले। सभी मृत वन्यजीव तालाब के आसपास लगभग 100 मीटर के दायरे में पाए गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत वन्यजीवों के मुंह से झाग निकल रहा था, साथ ही तालाब के पानी की स्थिति भी संदिग्ध प्रतीत हो रही, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तालाब के पानी में जहरीला पदार्थ मिलाया गया होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की सहायता ली गई। जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड घुघरी गांव स्थित एक संदिग्ध के घर तक पहुंचा। वहां तलाशी लेने पर ताजा खून के निशान, वन्यजीवों के बाल, मांस के अवशेष, शिकार में प्रयुक्त फंदे सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। वन विभाग ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर गडौरी गांव से दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीएफओ गर्वित गंगवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। मृत वन्यजीवों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।वन विभाग ने क्षेत्र में अतिरिक्त गार्ड तैनात कर दिए हैं, शेष वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना ने वन्यजीव संरक्षण और जंगलों में अवैध शिकार की रोकथाम को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वन मंडल के एसडीओ से सूचना प्राप्त होने पर सिविल सर्जन डॉ सुमंत वर्मा के निर्देशन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम का गठन कर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।उप संचालक पशुपालन और डेयरी विकास डॉ नीता मनोचा ने बताया कि चिकित्सकीय दल ने मौके पर पहुंचकर सभी मृत वन्यजीवों का विधिवत पोस्टमार्टम (पीएम) किया। साथ ही मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक नमूने एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। मामले की लगातार निगरानी की जा रही है और वन्यजीव संरक्षण को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। घटना के संबंध में वन विभाग और पशु पालन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। नी की जा रही है और वन्यजीव संरक्षण को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। घटना के संबंध में वन विभाग और पशु पालन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *