कटनी सिटी मॉल के पास गुंडागर्दी: युवती ने गले में अड़ाया चाकू, साथियों ने ऑटो चालक को पीटा

जनमत हिन्दी। कटनी कोतवाली थाना अंतर्गत बरही रोड़ स्थित सिटी मॉल के पास दो युवकों ने एक युवती के साथ मिलकर एक ऑटो चालक से मारपीट की। मारपीट के दौरान ऑटो चालक के जेब में रखे तीन हजार रूपए भी छीन लिए गए। पीड़ित ऑटो चालक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की विवेचना शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार पड़खुरी गांव निवासी ऑटो चालक कृष्ण कुमार रजक ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि बुधवार रात करीब 10 बजे वे जंक्शन रेलवे स्टेशन से अपने दोस्तों को छोड़कर ऑटो से लौट रहा था। बरही रोड पर सिटी मॉल के पास पहुंचने पर दो युवकों ने अपनी स्कूटी ऑटो के आगे लगाकर उसे रोक लिया। युवकों ने उन्हें जबरन ऑटो से बाहर खींचा और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके साथ मौजूद एक युवती ने पीड़ित को छुरा लेकर दौड़ाया। बाद में, आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और युवती ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। चाकू की नोंक पर आरोपियों ने पीड़ित की जेब से करीब 3 हजार रुपए नकद छीन लिए। लूटपाट के बाद आरोपियों ने ऑटो पर पथराव किया और लाठियों से तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तत्काल बाद पीड़ित ऑटो चालक ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *