जनमत हिन्दी। कटनी की कैमोर नगर परिषद द्वारा मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत जीरो वेस्ट थीम पर जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद वीडी शर्मा और विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विधायक संजय पाठक मौजूद रहे। जनकल्याण शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान हितग्राहियों को स्वीकृत राशि के चेक और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही योजनाओं से संबंधित जानकारी देकर अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने का संदेश दिया गया। शिविर के बाद सांसद विष्णुदत्त शर्मा और विधायक संजय पाठक ने नगर के जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर में पूर्व से संचालित विकास कार्यों की सराहना करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही विभिन्न वार्डों में आवश्यक निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक द्वारा नगर के समग्र विकास के लिए लगभग 5.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति कि गई। विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इन विकास कार्यों में प्रमुख रूप से युवाओं के लिए क्रिकेट इंडोर प्रैक्टिस ग्राउंड, बच्चों के लिए आधुनिक गेम ज़ोन, युवाओं के लिए सुसज्जित जिम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए इंडोर गेम्स सुविधा, हाई-टेक एलईडी स्क्रीन, डेकोरेटेड लाइटिंग पोल सहित अन्य जनहितकारी विकास कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान अतिथिगणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों, लाभान्वित हितग्राहियों और नगरवासियों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर, उपाध्यक्ष संतोष केवट, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते, स्वच्छता निरीक्षक पीआर सिंह, उपयंत्री हिमांशु गौतम, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, परिषद अधिकारी-कर्मचारी और काफी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कैमोर को मिली विकास की सौगात: बनाए जाएंगे इंडोर क्रिकेट प्रेक्टिस ग्राउंड, जिम और आधुनिक गेम ज़ोन, लगेंगे डेकोरेटेड लाइटिंग पोल



































































































Leave a Reply