कला, कौशल और आत्मरक्षा का संगम: बेटियों का हुनर देख अभिभूत हुए सांसद, बोले- यही नए भारत की पहचान

जनमत हिन्दी। ग्रीष्मावकाश को सृजन अवकाश में बदलने की कटनी नगर निगम की मुहिम को सोमवार को उस समय विशेष बल मिला, जब खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी,जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने केसीएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर-2026 का अवलोकन किया। इस दौरान निगमायुक्त तपस्या परिहार भी मौजूद रही। जनप्रतिनिधियों ने पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, कुकिंग, शतरंज और सेल्फ डिफेंस के प्रशिक्षण सत्रों का सूक्ष्म अवलोकन कर छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया और उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान दी। निरीक्षण के दौरान सांसद और महापौर श्रीमती सूरी सर्वप्रथम आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष पहुंचे, जहां छात्राओं द्वारा बनाए गए वेस्ट मटेरियल से क्राफ्ट, पेंटिंग देखकर वे अभिभूत हो गए। कुकिंग सत्र में छात्राओं ने कुकिंग के तहत पौष्टिक व्यंजन बनाकर अतिथियों को स्वाद और स्वास्थ्य का संदेश दिया। शतरंज की बिसात पर तार्किक चालें चलतीं छात्राओं और सेल्फ डिफेंस के दांव-पेंच सीखतीं बालिकाओं का आत्मविश्वास देख सांसद ने कहा, इन बेटियों की आंखों में जो चमक है, वही नए भारत की पहचान है।जब बेटियां हुनरमंद होंगी, तभी समाज सशक्त होगा। महापौर ने छात्राओं से बातचीत में कहा कि छात्र जीवन में सबसे महत्वपूर्ण है सीखने का जज्बा। आप सब इस शिविर से जो कौशल ले जा रही हैं, वह जीवनभर आपकी पूंजी बनेगा। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि निगम प्रशासन और 20 अनुभवी प्रशिक्षकों के दल द्वारा निगम के तीन स्कूलों में लगभग 284 विद्यार्थियों को एक साथ मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने के प्रयास किए जा रहे है। सांसद ने नगर निगम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नगर निगम ने ग्रीष्मकालीन शिविर के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास का एक अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत किया है। ये शिविर नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है। जनप्रतिनिधियों को अपने बीच पाकर छात्राओं का उत्साह दोगुना हो गया। छात्राओं ने सेल्फ डिफेंस का डेमो देकर कहा, की अब हम अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकते हैं।जिसपर सांसद ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुण सिखाने के लिए एक सुविधायुक्त सेंटर का चयन कर नियमित रूप से प्रशिक्षण प्रदान करने की भी बात कही। कला और क्राफट सत्र के निरीक्षण के दौरान कक्षा 12 की छात्रा सावित्री चौधरी ने संसद को स्वयं के द्वारा निर्मित सुंदर कागज का गुलदस्ता भेंट किया गया। अतिथियों ने सभी छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *