जनमत हिन्दी। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा वन परिक्षेत्र के शाहडार जंगल में इन दिनों वन्यजीवों की गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। शाहडार गांव के समीप स्थित एक शिवलिंग के पास से एक वीडियो शनिवार को सामने आया है, जिसमें एक बाघ गाय का शिकार कर उसे घसीटता हुआ ले जा रहा है। इसके बाद वन्यजीव प्रेमियों में उत्सुकता और स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। यह वही स्थान है जो कुछ महीने पहले चर्चा में आया था, जब एक बाघ को इसी शिवलिंग के पास अपना सिर रगड़ते हुए देखा गया था। उस घटना के कुछ समय बाद, इसी स्थान पर एक पेड़ पर आराम फरमाते हुए एक तेंदुए को भी कैमरे में कैद किया गया था। एक ही जगह से लगातार बाघ और तेंदुए की तस्वीरें सामने आने से यह क्षेत्र वन्यजीवों का मुख्य गलियारा बन गया है। इन लगातार हो रही गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है। विभाग ने क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है। संभावित आवाजाही वाले रास्तों और संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए हैं। ग्रामीणों को जागरूक और सुरक्षित रखने के लिए गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे मवेशी चराने या लकड़ियां बीनने के लिए जंगल की ओर नहीं जाएं। वन अधिकारियों ने बताया कि शाहडार से लगा हुआ वन क्षेत्र काफी घना और सघन है। ऐसे घने जंगलों में वन्य जीवों का मूवमेंट होना एक स्वाभाविक बात है। सुरक्षा के मद्देनजर हमने पूरे परिक्षेत्र में गश्त काफी बढ़ा दी है। एहतियात के तौर पर संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगवाए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीणों को सावधान रहने कहा गया है।
कटनी में बाघ ने किया शिकार: गाय को सड़क से घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया, ग्रामीणों में दहशत



































































































Leave a Reply