जनमत हिन्दी। शहर के इंदिरा गांधी वार्ड मोहन नगर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। गंदे पानी की निकासी, नाली निर्माण और सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान लोगों ने रविदास तिराहा पर हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई। प्रदर्शन कर रहे नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में स्वीकृत नाली निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं किया गया है। इसके कारण घरों और सड़कों पर गंदा पानी जमा रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि कच्ची सड़क पर कीचड़ और दूषित जलभराव के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कुठला और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारी मांगों को लेकर नगर निगम पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं नगर निगम के उपायुक्त द्वारा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।
वार्ड में नहीं है बुनियादी सुविधाएं: क्षेत्र वासियों ने सड़क जाम कर जताया विरोध, नगर निगम ने दिया आश्वासन



































































































Leave a Reply