जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों और शैक्षणिक अधोसंरचना की प्रगति की समीक्षा करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों के साथ बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना भी नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न सिर्फ नागरिक सुविधाओं को प्रभावित करती है, बल्कि शिक्षा और सामाजिक विकास की गति को भी धीमा करती है। उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान महापौर ने चौपाटी निर्माण कार्य, घंटाघर से जगन्नाथ चौक तक सड़क चौड़ीकरण, निर्माणाधीन ए रविंद्रराव शाला भवन, स्वीकृत पुरवार शाला भवन सहित पूर्व में चिन्हित जर्जर शाला भवनों के मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही सिविल लाइन स्थित डॉ प्रवीण वैश्य गली ,लखेरा रोड, गौरीशंकर मंदिर रोड, सरस्वती स्कूल रोड, आदर्श कॉलोनी से गर्ग चौराहा मार्ग, कैंप मुख्य बाजार से मुक्तिधाम मार्ग तथा प्रीतम राइस मिल क्षेत्र में झूलेलाल मंदिर दीवान सायकल से झूलेलाल मंदिर मार्ग कैंप तक डामरीकरण का प्रस्तावित एवं प्रगतिरत डामर सड़कों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। महापौर ने प्रगतिरत कार्यों में गुणवत्ता एवं समय सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।उन्होंने विशेष रूप से स्कूल भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करना भविष्य की पीढ़ी को बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।*शहर के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों पर भी विशेष जोर*बैठक में महापौर ने शहर में संचालित विभिन्न अधोसंरचनात्मक एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बस स्टैंड क्षेत्र में क्षतिग्रस्त एवं झुके हुए डिवाइडरों के सुधार कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख मार्गों के उन्नयन, सड़क चौड़ीकरण, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सुगम आवागमन और स्वच्छ और व्यवस्थित शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे मजबूत नींव होती है। बेहतर स्कूल भवन, सुरक्षित परिसर एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शाला भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा वर्षा ऋतु से पूर्व सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। साथ ही सभी अधूरे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित समयसीमा में उन्हें पूर्ण कर नागरिकों को शीघ्र लाभ उपलब्ध कराया जाए। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि शहर के विकास की गति बनाए रखने के लिए विभागीय समन्वय, जवाबदेही और सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है। विकास और शिक्षा, दोनों ही नगर के समग्र विकास के प्रमुख आधार हैं, इनसे जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। बैठक में प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन सहित सभी क्षेत्रीय उपयंत्री उपस्थित रहे।
सड़क, स्कूल और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा: महापौर ने कहा- गुणवत्ता का रखें ध्यान, समय पर पूरा करें कार्य




































































































Leave a Reply