डिवाइडर तोड़ रेल ट्रैक के किनारे गिरा ट्रक: कटनी के बड़वारा क्षेत्र में हुआ हादसा, चालक घायल

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बड़वारा थाना अंतर्गत जगतपुर उमरयिा के पास नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार दोपहर को एक तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर को तोड़ता हुआ रेलवे ओवरब्रिज से नीचे जा गिरा। ट्रक सीधे रेल की पटरियों पर न गिरकर उनके किनारे गिरा, जिससे कटनी-चोपन रेल मार्ग पर एक बहुत बड़ा ट्रेन हादसा होते-होते टल गया।  इस हादसे में ड्राइवर को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।  जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर एक ट्रक कटनी से उमरिया की ओर जा रहा था। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी। जैसे ही ट्रक जगतपुर उमरिया गांव के पास रेलवे पुल पर पहुंचा, ड्राइवर का गाड़ी पर से काबू खो गया। इसके बाद बेकाबू ट्रक डिवाइडर से टकराया और उसे तोड़ते हुए सीधे पुल के नीचे गहरी खाई में गिर गया। पुल से ट्रक नीचे गिरने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे। ट्रक ऊपर से गिरने के कारण पूरी तरह पिचक गया था। ग्रामीणों ने पुल के नीचे उतरकर राहत का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे घायल ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसका प्राथमिक इलाज कराया गया है। पूरी घटना में सबसे राहत वाली बात यह रही कि ट्रक सीधे रेलवे ट्रैक के ऊपर नहीं गिरा। ट्रक पटरियों पर गिरता और उसी दौरान वहां से कोई ट्रेन गुजरती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। रेलवे और स्थानीय पुलिस ने साफ किया है कि इस हादसे की वजह से ट्रेनों के आने-जाने पर कोई असर नहीं पड़ा है, रेल यातायात सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *