जुहला विवाद में नया मोड़: आदिवासी समाज पहुंचा एसपी कार्यालय, एनकेजे पुलिस की निष्पक्षता पर उठे सवाल

जनमत हिन्दी। एनकेजे थाना क्षेत्र के ग्राम जुहला में आदिवासी और यादव समाज के बीच विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में दोनों ही पक्षों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। बुधवार को पीड़ित आदिवासी परिवार और समाज के सैकड़ों लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर एनकेजे पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने और मामले को दबाने के गंभीर आरोप लगाए। इससे पहले यादव समुदाय के लोगों ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन घंटे तक चक्काजाम किया था। अब आदिवासी समाज ने पुलिस पर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमले के मामले में सही रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे आदिवासी समाज के लोगों ने बताया कि 6 जून 2026 की रात करीब 10 बजे आपसी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के सोने लाल यादव, मुन्ना यादव, छोटू यादव, सत्तू यादव और उनके अन्य साथियों ने अमित आदिवासी, जीतू आदिवासी और उनके परिवार की महिलाओं पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया, जिससे परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। पीड़ितों का आरोप है कि जब वे शिकायत दर्ज कराने एनकेजे थाना पहुंचे, तो पुलिस ने उनके बयानों के आधार पर निष्पक्ष रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आदिवासियों ने ज्ञापन में स्थानीय एनकेजे पुलिस पर मिलीभगत और एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस निष्पक्षता से काम करने के बजाय रसूखदारों के दबाव में आकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास कर रही है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आदिवासी समाज के पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाया है। आदिवासी पीड़ित परिवार ने प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि अगले 7 दिनों के भीतर आदिवासियों के हितों को ध्यान में रखकर न्यायोचित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो पूरा समाज उग्र आंदोलन करेगा। जुहला ग्राम का यह विवाद अब पुलिस और प्रशासन के लिए गले की हड्डी बनता जा रहा है। पहले यादव समाज द्वारा नेशनल हाईवे जाम कर अपनी ताकत दिखाना और उसके बाद अब आदिवासी समाज द्वारा आरोप लगाने से पुलिस दुविधा में है। फिलहाल नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने ज्ञापन लेकर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों ही पक्षों की और से मारपीट की किए जाने की शिकायत की गई थी, शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरियादियों की शिकायत पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की है। आपको बतादें कि एक दिन पहले ही पुलिस पर नाबालिग से मारपीट का आरोप लगाते हुए जुहला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग में यादव समाज के लोगों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था, जिसके कारण करीब तीन घंटे तक राजमार्ग जाम था। पुलिस अधिकारियों की समझाइस और कार्रवाई के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *