जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम द्वारा संचालित स्कूलों के छात्रों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान खेल, कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण कर उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन की अभिनव पहल पर ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर का शुभारंभ साधूराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उत्साह, उमंग और प्रेरणादायी वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती पूजन गीत ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। शिविर के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों द्वारा व्हालीवाल टीम के छात्रों से परिचय प्राप्त कर उनके साथ व्हालीबाल खेल कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नगर निगम द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें नई दिशा देने का अवसर देते हैं। नगर निगम की यह पहल सिर्फ एक शिविर नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को नई दिशा देने और उनके भविष्य को संवारने का एक सशक्त प्रयास है। आने वाले दस दिनों में यह मंच नन्हे प्रतिभागियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कौशल को नई पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। वहीं निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने ग्रीष्मकालीन शिविर आयोजन को निगमायुक्त की एक अच्छी सोच बताते हुए कहा कि प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर अब निगम द्वारा संचालित स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा संचालित एरविन्द्र राव स्कूल के छात्र आकाश निषाद को कक्षा 10 वी में 90.6 प्रतिशत अंक और केसीएस स्कूल की छात्रा सनिया सिंह द्वारा 90.02 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शाला का नाम गौरवान्वित किए जाने पर लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि प्रत्येक बच्चे के भीतर असीम संभावनाएं और विशेष प्रतिभाएं होती हैं। आवश्यकता सिर्फ उन्हें उचित मंच और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की है। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतिभा शिविर से बच्चों को प्रतिस्पर्धा करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देगा। शिविर से बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित होगी।
कटनी में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव: खेल, कला, संगीत और संस्कृति से निखरेगा व्यक्तित्व, नगर निगम ने शुरू किया ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर


































































































Leave a Reply