कटनी पुलिस का बड़ा एक्शन: 116 आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों को थानों में किया तलब, भरवाए डोजियर फॉर्म

जनमत हिन्दी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों के खिलाफ विशेष प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। जिले के सभी थाना क्षेत्रों के आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों को संबंधित थानों में तलब किया गया। थाना प्रभारियों द्वारा उनके डोजियर भरवाए गए और उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, झगड़ा, मारपीट, अवैध कार्य, शांति व्यवस्था भंग करने वाले कृत्यों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी संबंधित व्यक्तियों को समझाइश दी गई कि आगामी त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी थाना क्षेत्रो के 116 डोजियर फॉर्म भरवाए गए, जिसमें कोतवाली थाना क्षेत्र में 11, एनकेजे में 10, स्लीमनाबाद में 4, बहोरीबंद में 5, बाकल में 10, बरही में 12, उमरियापान में 5, कैमोर में 10, विजयराघवगढ़ में 9, बड़वारा में 2, कुठला में 10, रंगनाथ नगर में 8, माधवनगर में 7, ढीमरखेड़ा में 9 और रीठी थाना क्षेत्र में 8 डोजियर फॉर्म भरवाए गए। साथ ही हिदायत दी गई कि किसी तरह  के अपराध को अंजाम नहीं दें। अपराध करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *