मानसून से पहले एक्शन मोड में आयुक्त: मानसून की तैयारियों पर बड़ी बैठक, बिजली और उद्यान के कार्यों पर नजर

जनमत हिन्दी। आने वाले बारिश के मौसम में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कटनी नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बुधवार को विद्युत शाखा और उद्यान शाखा के कार्यों की समीक्षा की। उन्होने कहा कि मानसून के पहले सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं। हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए उद्यानों के रखरखाव को प्राथमिकता दी जाए। विद्युत शाखा की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों के सुधार, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही शहरवासियों से विद्युत संबंधी शिकायतों के तत्काल निराकरण और कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उद्यान शाखा की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने नगर के उद्यानों, हरित क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु में प्रेमनगर, तिलक कॉलेज परिसर, फिल्टर हाउस, वार्ड क्रमांक-1 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर तालाब क्षेत्र सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों और स्कूल परिसरों में प्रस्तावित पौधारोपण कार्यक्रमों की तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत पौधों की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने को कहा गया। बैठक में माइनिंग अधिकारी के साथ चर्चा करते हुए निगमायुक्त ने लाल पहाड़ी क्षेत्र में चिन्हित स्थानों पर पौधारोपण अभियान संचालित कर हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने शहर के पार्कों और उद्यानों में नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और वर्षा ऋतु के दौरान संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सार्वजनिक मार्गों के किनारे स्थित जर्जर और खतरनाक वृक्षों की टहनियां, डालियों की कटाई-छंटाई के कार्य में तेजी लाने को कहा। इस संबंध में उन्होंने प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई समय पर पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में प्रभावी कार्य करें। बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, उपयंत्री मोना करेरा सहित विद्युत शाखा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान निगमायुक्त ने दोनों शाखाओं द्वारा संचालित कार्यों, उपलब्धियों, आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *