जनमत हिन्दी। कटनी जिले के कैमोर की शराब दुकान का भी विरोध हो रहा है। कैमोर के लालनगर क्षेत्र निवासी अभय परौहा ने शिकायत में बताया है कि कैमोर के मुख्य बाजार महिला मार्केट खलवारा स्थित शराब दुकान के कारण स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, छात्राओं और व्यापारियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।आरोप है कि शराब दुकान घनी आबादी और बाजार क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। शराब सेवन करने वाले व्यक्तियों द्वारा कई बार सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित व्यवहार, शोर-शराबा और असामाजिक गतिविधियां देखने को मिलती हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और सम्मान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा इस क्षेत्र में अनेक व्यापारिक प्रतिष्ठान, धार्मिक स्थल, शैक्षणिक संस्थान भी स्थित हैं। शराब दुकान की उपस्थिति से क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, स्थानीय नागरिकों में असंतोष व्याप्त है।महिला मार्केट क्षेत्र में आने वाली महिलाओं को असुविधा और असुरक्षा की भावना का सामना करना पड़ता है। शिकायत में मांग की गई है कि जनहित, महिला सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुख्य बाजार महिला मार्केट खलवार से शराब दुकान को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र की सभी महिलाओं, व्यापारियों और सहित आम नागरिक को राहत मिल सके। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में शराब दुकान संचालन होने से वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी होती है, इसके अलावा क्षेत्र में पैकारियों के माध्यम से भी अवैध शराब बेची जा रही है।
कैमोर की शराब दुकान का विरोध: महिला मार्केट में शराब दुकान की वजह से खराब हो रहा माहौल, हटाने की उठी मांग


































































































Leave a Reply