जनमत हिन्दी। कटनी शहर के हृदय स्थल घंटाघर स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के सामने संचालित शराब ठेके को हटाने की मांग अब उग्र होती जा रही है। इस मुद्दे पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बजरंग दल का कहना है कि हनुमान मंदिर एक प्रमुख आस्था का केंद्र है और इसके ठीक सामने शराब की दुकान का होना श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करता है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग राजस्व के लालच में धार्मिक स्थलों की मर्यादा को ताक पर रख रहा है। प्रदर्शन के दौरान आबकारी विभाग मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे इस शराब दुकान को स्थानांतरित करने के लिए लंबे समय से ज्ञापन और शिकायतों के माध्यम से मांग कर रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक ठेका यहाँ से नहीं हट जाता, उनका आंदोलन और तेज होगा। कलेक्ट्रेट पर हंगामे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही माधव नगर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस की मुस्तैदी के कारण कोई अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई, हालांकि चक्काजाम के कारण कुछ देर तक वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बजरंग दल की स्पष्ट मांग है कि घंटाघर जैसे संवेदनशील और धार्मिक महत्व वाले क्षेत्र से शराब दुकान को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगामी दिनों में और भी उग्र प्रदर्शन करेंगे।
घंटाघर शराब दुकान का विरोध: बजरंग दल ने किया चक्काजाम, उग्र आंदोलन को चेतावनी










Leave a Reply