रात में घेराबंदी, दिन में खुलासा: एक गिरफ्तार, पांच फरार, तस्करों की तलाश में पुलिस

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने सागौन तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में लगभग 10 नग सागौन बरामद की गई है और आगे कार्रवाई के लिए वन विभाग को सुपुर्द किया है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि 8 अप्रैल 2026 को रात में मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद पिकअप वाहन में अवैध सागौन लकड़ी भरकर तस्कर पाली क्षेत्र से पिपरिया की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल टीम गठित कर झारापानी रोड पर घेराबंदी की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस और वन विभाग की टीम ने पीछा कर वाहन को ग्राम पिपरिया में एक घर के अंदर खड़ा पाया। मौके से कई तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को पिकअप वाहन, 10 नग सागौन की सिल्लियां मिली। पुलिस ने सागौन से भरी पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से पिपरिया गांव निवासी संजय उर्फ संजू ठाकुर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पांच अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को वन विभाग के हवाले कर दिया गया है। रेंज ऑफिस रामपुर में वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस और वन विभाग फरार तस्करों की तलाश कर रही है। कार्रवाई में ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एएसआई विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक सुब्च्चन यादव, आरक्षक पंकज सिंह, देवेंद्र अहिरवार, अजय सिंह, वन विभाग के डिप्टी रेंजर रामकुमेश मिश्रा, वनरक्षक दिनेश, अंकित, रामफल, मुकेश, अभिषेक सहित वन विभाग की टीम शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में चोरी, नकबजनी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *