जनमत हिन्दी। कटनी जिले के स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन पर नहीं रूकने वाली यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग को लेकर मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने रेल रोको आंदोलन किया। ट्रेन के स्टॉपेज की मांग को लेकर दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने स्टेशन के बाहर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बने, लिहाजा आरपीएफ के अलावा काफी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। साथ ही स्टेशन के बाहर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि ग्रामीण रेल ट्रेक तक नहीं पहुंच सके। रेलवे स्टेशन के पास आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने पटरियों के चारों ओर बैरिकेड्स लगा दिए थे।प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की और नोकझोंक भी हुई। हालांकि स्थिति को बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण में कर लिया गया। इस बीच मौके पर पहुंचे रेलवे के अफसरों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांग को सुना और उनका ज्ञापन लिया। रेलवे अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वे इस मांग को उच्च स्तर तक भेजेंगे और जल्द ही कोई फैसला लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों का कहना था कि स्लीमनाबाद एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है, यहां जबलपुर-अंबिकापुर सिंगरौली इंटरसिटी और जबलपुर-चित्रकूट एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें नहीं रुकतीं। इस कारण छात्र-छात्राओं, मरीजों और व्यापारियों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। लोगों ने आरोप लगाया कि रेलवे प्रशासन लंबे समय से उनकी मांगों ट्रेन के स्टॉपेज संबंधी मांगों को अनसुना कर रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही ट्रेनों का रुकना शुरू नहीं हुआ, तो अगली बार बिना सूचना के बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में के दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रदीप त्रिपाठी, अमरदीप साहू, दीपक तिवारी, सरपंच कल्लू दास बैरागी, मदन सिंह, जगदेव पटेल, महेंद्र दुबे, रामानुज पांडे, ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, सीताराम दुबे, अमित गर्ग और विजय साहू सहित दीनू पांडे, संटु अग्रहरि, अरविंद अग्रहरि, संतोष सिंह, विक्की जैन, अजय विश्वकर्मा, बिंदेश्वरी पटेल, गंगाधर बड़गैया, अविनाश तिवारी, मंगल सिंह, माधुरी जैन, अजय नामदेव, जितेंद्र सिंह, विपिन सिंह और लालू खान जैसे अनेक गणमान्य नागरिक व भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
स्लीमनाबाद स्टेशन पर ट्रेनो के स्टॉपेज की मांग: सैकड़ों ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की










Leave a Reply