बड़े बकायादारों पर फोकस: नगर निगम आयुक्त ने की राजस्व कर वसूली कार्य की समीक्षा, लक्ष्य पूरा करने हर वार्ड में लगेंगे शिविर

जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कहा है। आयुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति में अब सिर्फ 25 दिन बचे हैं। इन अंतिम दिनों में अधिकतम राजस्व वसूली करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में विशेष कर वसूली अभियान चलाया जाएगा। राजस्व वसूली के लिए गठित निगम की टीमें वर्तमान प्रयासों में तेजी लाते हुए प्रतिदिन बकाएदारों से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक वसूली करें। नगर निगम आयुक्त ने लक्ष्य की तुलना में अब तक वसूल की गई राशि की समीक्षा करते हुए 0 से 5 हजार, 5 हजार से 10 हजार, 10 हजार से 25 हजार और 25 हजार से 1 लाख रुपए तक के बकायेदारों की सूची देखा। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर विशेष रूप से बड़े बकाएदारों से रोजाना संपर्क कर बकाया कर की राशि नगर निगम कोष में जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जलकर की अपेक्षाकृत कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वसूली के दौरान जलकर और संपत्ति कर की टीमें संयुक्त रूप से पीओएस मशीन के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर दोनों कर जमा करने की सुविधा मिल सके। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि लगभग सभी वार्डों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया है। जिन करदाताओं द्वारा रिमाइंडर और नोटिस के बावजूद बकाया कर का भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनसे संपर्क करें, इसके बाद भी राशि जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कुर्की और नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जाए। नगर निगम आयुक्त ने वसूली कार्य में संलग्न दल को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक वसूली कर्ता को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बकाया वसूली करनी होगी। कर वसूली कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुकत ने संपदा शाखा, बाजार शाखा और ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे विकास कार्यों, व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। बैठक में संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए और लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के लिए कहा गया। नगर निगम आयुक्त ने संपदा शाखा से निगम संपत्तियों के प्रबंधन, किराया वसूली, रिक्त दुकानों के आवंटन की स्थिति की जानकारी ली और राजस्व बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बाजार शाखा की समीक्षा के दौरान बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया। ट्रांसपोर्ट नगर के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने, वहां की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, उप राजस्व अधिकारी सागर नायक, राजस्व निरीक्षक मुकेश राजपूत, प्रकाश पांडेय, विनोद सिंह चौहान, राजकुमार प्यासी, लवकुश तिवारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *