सब्जी मंडी में बड़ी वारदात: मोबाइल दुकान से 5 लाख के 32 मोबाइल पार, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

जनमत हिन्दी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में चोरों ने एक मोबाइल दुकान से करीब 5 लाख रुपए मूल्य के 32 मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। वारदात शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की है। दरअसल, तीन नकाबपोश चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर घटना को अंजाम दिया। चोरी करते हुए तीन संदिग्ध सीसीटीवी में कैद हुए हैं। दुकान संचालक गांधी हिंदुजा शुक्रवार रात अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। रात करीब ढाई बजे तीन चोर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने शटर को किसी औजार की मदद से मोड़कर दुकान में प्रवेश किया और महंगे हैंडसेट चुरा लिए। सुबह सफाई कर्मियों ने टूटे शटर को देखकर दुकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते हुए कैद हो गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से सब्जी मंडी के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का आरोप है कि रात के समय इलाके में पुलिस गश्त न के बराबर होती है। उनका कहना है कि मंडी क्षेत्र में रात भर चहल-पहल रहती है, फिर भी चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस व्यावसायिक क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी चोरियों को रोका जा सके।  


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *