ग्राम स्वराज अभियान: सीईओ ने कहा- जनता ने आपको को अपना जनप्रतिनिधि चुना है, जवाबदेही से करें कार्य

जनमत हिन्दी। ग्राम स्वराज अभियान के तहत जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और जनपद सदस्यों के एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में कटनी जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम जन केंद्रित दृष्टिकोण, जनता के प्रति जवाबदेही, संतुलन, निष्पक्षता, आपसी सहयोग, समन्वय, जमीनी हकीकत का विश्लेषण कर केंद्र सरकार और राज्य शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन कर हर पात्र व्यक्ति को हितलाभ पहुंचाएं। विकास कार्यों को जनहित में करना हम सबकी संयुक्त जिम्मेदारी है। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के पूर्व उनके विषय में भली भांति जानकारी होनी चाहिए ताकि हम जरूरतमंदों की सहायता समय पर कर सकें। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि नागरिकों ने आपको चुना है इसलिए नागरिकों की अपेक्षाएं आपसे हमेशा होती हैं। आप सभी को प्रतिदिन एक नई चुनौती का सामना करना पड़ता है। लेकिन हमें शासन की योजनाओं और नियमों की जानकारी होगी तो बहुत सारी समस्याओं का समाधान तत्कल किया जा सकता है। इस दौरान हमें राजनीतिक और प्रशासनिक संतुलन का भी ध्यान रखना आवश्यक है। कार्यशाला में प्रतिभागियों द्वारा किए गए प्रश्नों का जवाब भी जिला पंचायत सीईओ द्वारा दिया गया। कार्यशाला में उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और विकास में सहयोग देने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए अपने कार्यक्षेत्र में प्राप्त होने वाले अनुभव साझा करने को कहा। साथ ही आवश्यक सुझाव भी मांगे, ताकि सहयोग और समन्वय से योजनाओं का क्रियान्वयन और भी बेहतर तरीके से किया जा सके। उन्होंने प्रशिक्षण का फीडबैक भी लिया। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी ने योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता जताई। प्रशिक्षण में सतत विकास के 17 लक्ष्य, नौ थीम पर सतत विकास के लक्षण का स्थानीयकरण ग्राम पंचायत विकास योजना, जनपद पंचायत विकास योजना, जिला पंचायत विकास योजना, अनुसूचित जनजाति और अन्य परंपरागत वन निवासी की अधिनियम के संबंध में अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रतिभागियों मैन्युअल और टीएमपी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन की कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *