कटनी में पिता-पुत्र की मौत: एक ही कमरे में मिले दोनों के शव, यूपी के रहने वाले हैं मृतक

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के माधवनगर थाना अंतर्गत संजय नगर स्थित एक मकान में बुधवार शाम पिता और बेटे के शव संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस की शुरुआती जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मऊ निवासी विजय कुमार राय और उनके बेटे आनंद कुमार राय के रूप में हुई है। विजय कुमार राय डीएबी से सेवानिवृत्त शिक्षक थे, जबकि आनंद कुमार राय शहर की एसीसी फैक्ट्री के डीएबी में निजी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। पड़ोसियों ने बताया कि जब काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं दिखी और संदेह बढ़ा, तब उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही माधव नगर थाना प्रभारी संजय दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोला तो पिता-बेटे के शव अंदर पड़े मिले। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि एक मकान में दो शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला जहरीले पदार्थ का सेवन करने से हुई मृत्यु का लग रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *