महिला की मौत से भड़का आक्रोश: न्याय की मांग को लेकर उग्र हुए ग्रामीण, एसपी कार्यालय का किया घेराव

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बरही थाना अंतर्गत धवैया गांव में खेत में मवेशी घुसने के विवाद को लेकर की गई मारपीट से गंभीर रूप से घायल हुई महिला की शनिवार को इलाज के दौरान हुई मौत के बाद शुक्रवार को ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों की काफी समझाइस और कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। पुलिस ने बताया कि धवैया गांव में 29 दिसंबर 2025 को भोला प्रसाद कुशवाहा के खेत में रज्जन पाठक द्वारा अपने मवेशियों को चरा रहा था, खेत में गेहूं की फसल लगी हुई थी। इसी दौरान भोला प्रसाद की पत्नी कलावती कुशवाहा ने फसल को नुकसान होते देख मवेशियों को खेत से बाहर निकालने को कहा, तो रज्जन पाठक ने उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। कलावती की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो गया था। गंभीर रूप से घायल कलावती को तत्काल बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया, जहां 1 जनवरी 2026 को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि घटना के दिन बरही पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका यह भी कहना है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड होने के बावजूद उसे खुला छोड़ दिया गया। इसके अलावा, इलाज के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा भी लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और शुरुआती लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *