धान खरीदी केंद्रों में मनमानी: अवैध वसूली के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, उग्र आंदोलन की चेतावनी

जनमत हिन्दी। समर्थन मूल्य धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के साथ की जा रही अवैध वसूली के खिलाफ कांग्रेस ने हल्ला बोला है। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ मिलकर ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है। विरोध प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अधिवक्ता अमित शुक्ला ने कहा कि किसान खाद, बीज, कीटनाशक और डीजल की बेतहाशा बढ़ी कीमतों से पहले ही परेशान है, समर्थन मूल्य में धान खरीदी केन्द्रों में छन्ना और ग्रेडर लगाकर उसकी लागत और बढ़ाई जा रही है, जो पूरी तरह अनुचित और किसान विरोधी कदम है। उन्होने कहा कि जब किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा देना था, तब इसी धान पूरी तरह साफ बताया जा रहा था। तब न कोई छनाई थी, न ग्रेडिंग की जरूरत थी और न ही कोई कमी निकाली गई। लेकिन आज जब किसानों से धान खरीदी की बारी आई है, तो अचानक धान खराब बताई जा रही है, छन्ना लगाया जा रहा है, ग्रेडर लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छनाई और ग्रेडिंग के नाम पर किसानों से पैसा वसूलना गलत है। यह व्यवस्था किसानों को आर्थिक रूप से कमजोर करने की साजिश है। कांग्रेस के किसान नेता राकेश गुड्डू द्विवेदी ने कहा कि छनाई-ग्रेडिंग के नाम पर किसानों से पैसा वसूलना अन्याय है। किसान दिन-रात मेहनत कर फसल उगाता है, लेकिन उपार्जन केंद्रों पर उसे अपमान और शोषण का सामना करना पड़ रहा है। जब मुआवजा देना था तब धान बिल्कुल ठीक थी और आज खरीदी के समय धान को खराब बताकर कटौती की जा रही है। उन्होंने ने कहा कि जिला प्रशासन ने किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया, तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इसके साथ ही उपार्जन केंद्रों पर धान तौलाई में अत्यधिक देरी, तौल कांटों और मशीनों की खराबी, बारदाने की कमी, कर्मचारियों की लापरवाही और अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण किसान कई-कई दिनों तक केंद्रों पर भटकने को मजबूर हैं। कई किसानों को रात खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ रही है, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा बना हुआ है। देरी के कारण धान के खराब होने और नमी बढ़ने से किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में तौलाई व्यवस्था तत्काल सुचारु किए जाने, छन्ना-ग्रेडर के नाम पर किसानों से की जा रही वसूली तत्काल बंद करने, पर्याप्त बारदाना व्यवस्था करने, तौल मशीनों को दुरुस्त करने और किसानों को समयबद्ध और पारदर्शी खरीदी की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने चेतावनी देते हुए कहा कि दो दिन के अंदर किसानों की समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, राकेश गुड्डू द्विवेदी, राजेश जाटव, जितेंद्र गुप्ता, नारायण निषाद, अजय कोल, संजय गुप्ता, रमेश अहिरवार, मुन्ना कुशवाहा, रमेश मिश्रा, मुकेश मिश्रा, अशोक मौर्या, वृंदावन पटेल, रोहित पटेल, राजेश तिवारी, रामकरण पटेल, सुग्रीव कोल, विनोद पटेल, दीपक कुशवाहा, संतोष पटेल, शंकर पटेल, विनोद पाल, रामकुमार पटेल, सुनील पटेल, जगदम्बा प्रसाद दुबे, घनश्याम श्रीवास सहित काफी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *