जनमत हिन्दी। कटनी जिले की वर्षों की प्रतीक्षा अब समाप्त होने जा रही है। 27 दिसंबर को जिले को ऐतिहासिक सौगात मिलेगी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का विधिवत भूमि पूजन होगा।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और खजुराहो-कटनी सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के करकमलों से होने जा रहा यह भूमि पूजन समारोह कटनी जिले के लिए अत्यंत गौरव, सौभाग्य का क्षण है। उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही कटनी वासियों की मांग अब साकार रूप लेने जा रही है, मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जिले के स्वास्थ्य ढांचे, चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
क्षेत्रीय विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि भूमि पूजन के साथ ही इसके निर्माण की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल कटनी बल्कि आसपास के जिलों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, वहीं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी। इससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा, स्थानीय स्तर पर उच्च स्तरीय उपचार संभव हो सकेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन ने कहा कि भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, संदीप जायसवाल, प्रणय पांडे, धीरेंद्र सिंह, महापौर प्रीति सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक सहित जिले के सभी जनप्रतिनिधियों की अथक मेहनत, निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप कटनी को मेडिकल कॉलेज की यह बड़ी सौगात मिली है। मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन कार्यक्रम में अनेक विशिष्टजन, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल, आयोजन से संबंधित जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।












Leave a Reply