ऑपरेशन और आइसोलेशन कक्ष का निरीक्षण: कलेक्टर ने कहा- 15 अक्टूबर तक हर हाल में शुरू करें क्रिटिकल केयर ब्लॉक

जनमत हिन्दी। कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर में 14.5 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने 15 अक्टूबर तक नए भवन में हर हाल में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नवनिर्मित भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं के साथ बनने वाले वार्डों, ऑपरेशन कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर और एसपी ने शल्य चिकित्सा कक्ष एवं आइसोलेशन कक्ष का भी निरीक्षण किया।अधिकारियों ने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, आवश्यक संसाधनों, मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और संचालन प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने सिविल सर्जन यशवंत वर्मा को क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक शीघ्र प्रारंभ करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।सिविल सर्जन यशवंत वर्मा ने कलेक्टर को अवगत कराया कि क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक 15 अक्टूबर तक प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने से गंभीर मरीजों को जिला स्तर पर ही बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।कलेक्टर ने विशेष रूप से शल्य चिकित्सा कक्ष में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उपचार के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के लिए भी निर्देशित किया।निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. राजसिंह ठाकुर, सिविल सर्जन यशवंत वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *