जनमत हिन्दी। युवक के अपहरण कर मारपीट करने और सिगरेट से दागने के मामले में कटनी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की। मामले में अमन और उसका एक अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पंकज मेहरा पिता मुकेश मेहरा उम्र 24 वर्ष निवासी गायत्री नगर, थाना कोतवाली, जिला कटनी, हाल निवासी रांझी बस्ती, थाना रांझी, जिला जबलपुर ने 15 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पंकज ने बताया कि वह ठेकेदारी का काम करता है।
फरियादी ने बताया कि 12 सितंबर की सुबह करीब 9.30 बजे वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली स्कूटी से वहां पहुंचा और उसे अपने साथ घर चलने के लिए कहा। अजय के साथ वह मघई मंदिर के पास स्थित उसके घर पहुंचा।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार घर पहुंचने के बाद अन्नू माली उसे अंदर बैठाकर बाहर गया और फोन कर कुछ लोगों को बुलाया। कुछ देर बाद तीन लड़के वहां पहुंचे, जिन्हें फरियादी नहीं जानता था। इसके बाद अन्नू माली ने पुरानी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज की तथा अन्नू माली और उसके साथियों ने लात-घूंसों एवं बेल्ट से मारपीट की।
फरियादी किसी तरह वहां से निकलकर कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 05 पर पहुंचा और जबलपुर जाने वाली ट्रेन का इंतजार करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी उसका पीछा करते हुए स्टेशन पहुंचे और उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर एन.के.जे. बजरिया स्थित अन्नू माली के मकान में ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर उसके साथ दोबारा मारपीट की गई।
शिकायत के अनुसार इसी आरोपियों में से एक युवक ने सिगरेट से फरियादी के हाथ और पीठ को दाग दिया, जिससे जलने के निशान आए। शाम करीब 6 बजे फरियादी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गया और भय के कारण जबलपुर चला गया। 15 सितंबर को वह अपने भाई और मां के साथ थाना कोतवाली पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अजय उर्फ अन्नू माली और अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना में लिया।
पुलिस पूछताछ में अन्नू माली ने बताया कि पंकज मेहरा पूर्व में उसके यहां काम करता था और करीब दो वर्ष पहले काम छोड़ चुका था। आरोपी के अनुसार, पंकज उसके कुछ आवश्यक फोटो और दस्तावेज अपने साथ ले गया था, जिन्हें वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर उसने पंकज को रेलवे स्टेशन के बाहर मिलने पर बातचीत के बहाने अपने घर ले जाकर साथियों को बुलाया और उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि पंकज के वहां से भागने के बाद आरोपी उसे तलाशते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर 05 के पास पंकज मिलने पर उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर एन.के.जे. बजरिया स्थित मकान में ले जाया गया, जहां फिर मारपीट की गई। आरोपी के कथन के अनुसार, साहिल खान के साथ आए एक युवक ने पंकज के हाथ और पीठ को सिगरेट से दागा।
पुलिस ने अजय उर्फ अन्नू माली के मेमोरेण्डम के आधार पर साहिल खान पिता बबली खान निवासी इंदिरा नगर गली नंबर 01, कटनी को कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय उर्फ अन्नू माली पिता शंकर लाल माली, उम्र 42 वर्ष, निवासी मघई मंदिर के पीछे, सुभाष वार्ड, थाना कोतवाली, जिला कटनी तथा साहिल खान पिता बबली खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर गली नंबर 1, थाना कुठला, जिला कटनी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अमन और उसका एक अन्य साथी फरार हैं। दोनों की संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर तलाश की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि पंकज मेहरा ने अपहरण कर बंधक बनाने, गंभीर मारपीट करने और सिगरेट से जलाने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस एफआईआर दर्ज तत्काल कार्रवाई करते हुए अजय उर्फ अन्नू माली और साहिल खान को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी किशोर द्विवेदी, एसआई कुलदीप सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र तिवारी, रमाकांत तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, दीपक चक्रवर्ती, मोहन मण्डलोई, अजीत सिंह और विकास राय की भूमिका रही।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में कि गई है।


































































































Leave a Reply