एक्शन में कटनी पुलिस: चाकू लेकर घूम रहे दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने दबोचा, धारदार हथियार जब्त

जनमत हिन्दी। कोतवाली पुलिस ने 15 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए धारदार चाकू लेकर घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक चाकू बरामद किया है। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस थाना क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों और आदतन अपराधियों की सघन चैकिंग कर रही है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि करीब 20-21 वर्षीय युवक गिरजाघाट से नई बस्ती आदर्श कालोनी जाने वाले रोड पर धारदार चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस स्टाफ को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए हुलिए के व्यक्ति की घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर संदेही भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस स्टाफ ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सचिन कुशवाहा पिता राजेश कुशवाहा, निवासी महात्मा गांधी वार्ड, गांधीगंज, बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।  इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सोनी का बगीचा, गायत्री नगर क्षेत्र में एक युवक चाकू लेकर घूम रहा है। पुलिस के अनुसार, वह किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। आरोपी ने अपना नाम परितोष बर्मन पिता सुशील बर्मन, निवासी नई बस्ती बताया।
पुलिस ने चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अजय दुबे, कौशल सिंह, आरक्षक पंजाब सिंह, सौरभ तिवारी और दीपक चक्रवर्ती की भूमिका रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय के निर्देशन, एएसपी कमल मोर्य और डीएसपी शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *