दवाओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली: 6 मेडिकल स्टोरों पर लाइसेंस निरस्त, औषधि विभाग ने की कार्रवाई

जनमत हिन्दी। कटनी जिले में ड्रग इंस्पेक्टर सोनम जैन ने रविवार को कई मेडिकल स्टोरों की अचानक जांच की। इस दौरान दवाओं के रखरखाव और खरीद-बिक्री से जुड़े नियमों में गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद 6 मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस तय दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए हैं। जिन मेडिकल स्टोरों में कार्रवाई की गई है उनमें दुर्गा चौक स्थित सम्पत मेडिकल, रोशन नगर स्थित आयुष मेडिकेयर, अनिल मेडिकल एंड जनरल स्टोर, तिवारी मेडिकल , दुर्गा चौक स्थित अंशिका मेडिकल, तिल कॉलेज रोड स्थित आकाश मेडिकल का नाम शामिल है।  जिले के अन्य मेडिकल स्टोरों का भी मुआयना किया, जिनमें सिटी मेडिकल, विकास मेडिकोज, शांति मेडिकल, न्यू वंदना मेडिकल, सनी मेडिकोज, शुभ श्री मेडिकल और मां मेडिकल शामिल हैं। यहां मौजूद दवाओं और उनके रिकॉर्ड को चेक किया गया।  जांच के दौरान दुकानदारों से नारकोटिक्स और नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े पक्के बिल और जरूरी दस्तावेज मांगे गए। जिन दुकानों में रिकॉर्ड में कमी पाई गई है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। औषधि विभाग ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को साफ चेतावनी दी है कि नशीली और नियंत्रित श्रेणी की दवाओं की बिक्री में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भी यह जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *