गणेश चौक में मेले की तैयारी शुरू: महापौर ने किया निरीक्षण, सफाई से लेकर सड़क और प्रकाश व्यवस्था के दिए निर्देश

जनमत हिन्दी। आगामी गणेश उत्सव एवं गणेश चौक में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले वार्षिक मेले को देखते हुए कटनी नगर निगम ने आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शनिवार को गणेश चौक पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्सव एवं मेले के दौरान नागरिकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में निगम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक गणेश चौक और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिमा स्थापना स्थलों और पंडालों के आसपास नियमित रूप से कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा।पंडालों के आसपास पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं एवं नागरिकों द्वारा उत्पन्न कचरे का उचित संग्रहण हो सके और पूरे आयोजन के दौरान पंडाल परिसर एवं आसपास का क्षेत्र स्वच्छ बना रहे।महापौर ने गणेश चौक के आसपास पहुंच मार्गों और प्रमुख आवागमन वाले मार्गों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां सड़क पर गड्ढे पाए जाएं, वहां आवश्यकतानुसार गड्ढों की भराई कर मार्ग को समतल कराया जाए, ताकि गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।उत्सव एवं मेले के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ आवश्यकता के अनुसार पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों की आवाजाही को देखते हुए मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।व्यवस्थित रूप से दुकानें लगाने के निर्देशगणेश चौक में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के दौरान बड़ी संख्या में फुटकर व्यापारी एवं दुकानदार दुकानें लगाते हैं। महापौर ने निर्देश दिए कि सभी फुटकर व्यापारी निर्धारित दायरे एवं व्यवस्थित स्थान पर ही दुकानें लगाएं, ताकि मुख्य मार्गों एवं आवागमन वाले स्थानों पर बाधा उत्पन्न न हो।उन्होंने अधिकारियों को यातायात विभाग के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को देखते हुए अतिक्रमण दस्ते को निरंतर सक्रिय रहने के लिए भी कहा गया।महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि गणेश चौक में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला वार्षिक मेला शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक यहां पहुंचते हैं।उन्होंने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, डस्टबिन, कीटनाशक दवा के छिड़काव, प्रकाश, पेयजल, सड़क एवं सुगम आवागमन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते बेहतर स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को उत्सव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *