बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ आप ने खोला मोर्चा: निकाली जनआक्रोश पदयात्रा, सीवर, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दे उठाए

जनमत हिन्दी। कटनी में आम आदमी पार्टी द्वारा शनिवार को शहर की बदहाल व्यवस्थाओं एवं जनसमस्याओं को लेकर जनआक्रोश पदयात्रा एवं आमसभा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर ने किया।
पदयात्रा घंटाघर से शुरू होकर सुनरहाई, सुभाष चौक, अहिंसा चौक, मिशन चौक, आजाद चौक और झंडा बाजार होते हुए दोबारा घंटाघर पहुंची। यहां आमसभा आयोजित की गई। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, सीवर, सड़क, बिजली और पानी से जुड़े जनमुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई।
आमसभा को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कटनी की जनता सीवर, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं से परेशान है। उन्होंने 108 करोड़ और 51 करोड़ रुपये की सीवर परियोजनाओं के अधूरे रहने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के पैसे से चल रही परियोजनाओं में देरी के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा।
उन्होंने कहा कि अधूरे कार्यों के कारण शहर की सड़कों की स्थिति खराब है और नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। राष्ट्रीय परिषद सदस्य शिव प्रताप सिंह परमार ने कहा कि कटनी की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था गंभीर संकट में है। कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी, जर्जर भवन, पेयजल और पहुंच मार्ग जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बहोरीबंद, रीठी, बरही, विजयराघवगढ़, ढीमरखेड़ा और बड़वारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी डॉक्टरों एवं तकनीकी स्टाफ की कमी को तत्काल दूर किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके। आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष अनिल सिंह सेंगर ने कहा कि जनआक्रोश पदयात्रा जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कटनी की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छी सड़कें, व्यवस्थित सीवर व्यवस्था, पर्याप्त बिजली-पानी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित के इन सभी मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करेगी और सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा। जनआक्रोश पदयात्रा और आमसभा में प्रदेश सह प्रभारी रविंद्र जोगिया, प्रदेश संगठन मंत्री राम किशोर शिवहरे, राष्ट्रीय परिषद सदस्य शिव प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल सिंह सेंगर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकित खटीक, किसान मोर्चा अध्यक्ष रामानुज मिश्रा, व्यापारी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुशील जैन, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, कल्पना सोनी, अफरोज अहमद, विवेक सिंह, करीम खान, कुंवर सिंह रघुवंशी, उमाशंकर पटेल, सृजन अग्रवाल, अरविंद सिंह, अमित तोमर, जगन्नाथ नामदेव, रामरतन नामदेव, लवकुश पटेल, राजेश पटेल, देवी दयाल यादव, लखन सिंह, अंकित खरे, मंगल कोल, गोकर्ण दहिया, विनय लोधी, रामसिया गुप्ता, आयुष सिंह और धर्मेंद्र सेन सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *