जनमत हिन्दी। बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के निराकरण करने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों का लगातार मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में महापौर ने मदन मोहन चौबे वार्ड, सीएलपी पाठक वार्ड, राम जानकी हनुमान वार्ड के पवन पुरी क्षेत्र एसबीएन हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंच मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने महापौर को बताया कि उनके घरों तक पहुंचने वाले मार्ग में निर्माण कार्य कराए जाने के कारण रास्ता बाधित हो गया है। इसके चलते संबंधित गली अत्यधिक संकरी हो गई है। नागरिकों ने बताया कि इसी मार्ग से बच्चों, महिलाओं और वृद्धजनों का नियमित आवागमन होता है, जिससे आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। महापौर ने नागरिकों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर संबंधित उपयंत्री को स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और मार्ग सुरक्षित,
सुगम बना रहे, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने सड़क निर्माण की आवश्यकता से भी महापौर को अवगत कराया। नागरिकों द्वारा संबंधित मार्ग का भ्रमण कराते हुए सड़क निर्माण की मांग रखी गई। महापौर ने बताया कि महाजन टाल से उक्त स्थल तक सड़क निर्माण कार्य का प्रस्ताव तैयार है, जल्द ही निर्माण कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की मूलभूत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। सीएलपी पाठक वार्ड और मदन मोहन चौबे वार्ड के बीच वाली गली में खुले नाले को कव्हर कराने की मांग भी नागरिकों द्वारा महापौर के समक्ष रखी गई। नागरिकों ने बताया कि खुले नाले के कारण आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी समस्या बनी रहती है, बच्चों और वृद्धजनों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका रहती है। महापौर ने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित उपयंत्री को नाला कव्हरिंग के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित और पर्याप्त सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। साथ ही महापौर ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने देखा शहर का जमीनी हाल: नागरिकों की शिकायतों पर अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश, संकरी गली, खुला नाला और सड़क की समस्या पर लिया संज्ञान


































































































Leave a Reply