अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश: कटनी जिले के घुघरा गांव में बोलेरो रोककर शराब की पेटियां फेंकी, चार पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

जनमत हिन्दी। कटनी के उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम घुघरा में शनिवार को अवैध शराब के परिवहन और पैकारियों के खिलाफ ग्रामीणों, खासकर महिलाओं का आक्रोश सामने आया। ग्रामीणों ने अवैध शराब लेकर गांव में पहुंची बोलेरो को घेर लिया और उसमें रखी शराब की पेटियां सड़क पर फेंककर नष्ट कर दीं। घटना के बाद पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। ग्रामीणों के अनुसार घुघरा गांव में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई की शिकायतें सामने आ रही थीं। शनिवार को शराब ठेकेदारों की बोलेरो गांव में पहुंची तो बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण एकत्र हो गए और वाहन को रोक लिया। इस दौरान शराब दुकान के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई और तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित महिलाओं ने बोलेरो से शराब की बोतलें निकालकर सड़क पर फोड़ दीं। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध पैकारियों के कारण गांव का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और युवा नशे की लत में फंस रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस और प्रशासन से बार-बार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें खुद यह कदम उठाना पड़ा। बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने हाल ही में कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र में चल रही अवैध पैकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की थी। एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने मीडिया को बताया कि घुघरा गांव में विवाद की सूचना मिलते ही उमरियापान थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण शराब नष्ट कर चुके थे।
एसडीओपी के अनुसार, संबंधित पेकारी पर पुलिस पूर्व में भी वैधानिक कार्रवाई कर चुकी है। शनिवार की घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए 4 लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *