महापौर प्रीति सूरी ने दिया हरियाली का संदेश: पेड़ बचेंगे तो भविष्य बचेगा, जनप्रतिनिधियों ने लगाए बरगद-कदंब के पौधे

जनमत हिन्दी। पर्यावरण संरक्षण और हरित शहर के संकल्प को साकार करने की दिशा में कटनी नगर निगम द्वारा महाराणा प्रताप वार्ड अंतर्गत झिंझरी तालाब के आसपास पौधरोपण अभियान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण कर हरित वातावरण के संरक्षण, संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, क्षेत्रीय पार्षद, एमआईसी सदस्य तुलसा गुलाब बेन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बरगद, कदंब सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पेड़ सिर्फ पर्यावरण संतुलन ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का भी आधार हैं। प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल का दायित्व भी निभाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, पार्षद शशिकांत तिवारी, समाजसेवी राजू शर्मा, उपयंत्री मोना करेरा सहित नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण कर धरा को हरा भरा बनाने के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन किया। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर में हरित क्षेत्र के विस्तार और जल स्रोतों के आसपास प्राकृतिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आगामी समय में नगर के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण अभियान लगातार संचालित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *