सोना पाइप इंडस्ट्री में दर्दनाक हादसा: कच्चे माल की बोरियों के नीचे दबकर मजदूर की मौत, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के माधवनगर थाना अंतर्गत इमलिया क्षेत्र में स्थित सोना पाइप इंडस्ट्री में बुधवार को काम करने के दौरान कच्चे माल से भरी भारी-भरकम बोरियां एक मजदूर पर गिर गई। बोरियां गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक को शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार उमरिया जिले के अमआरी गांव निवासी 19 वर्षीय घनश्याम पिता मान सिंह कटनी की सोना पाइप इंडस्ट्री में बतौर मजदूर कार्यरत था। घनश्याम हमेशा की तरह फैक्ट्री में काम कर रहा था। वह मशीन के मिक्सर कंटेनर में पाइप बनाने का कच्चा माल डाल रहा था। इसी दौरान हॉपर के ठीक ऊपर बेहद असुरक्षित तरीके से रखी गईं बोरियां अचानक असंतुलित हो गईं और सीधे घनश्याम के ऊपर आ गिरीं। बोरियों का वजन अत्यधिक होने के कारण घनश्याम उनके नीचे पूरी तरह दब गया और उसका दम घुटने लगा। हादसा होते ही साथी मजदूर सोहन सिंह ने जोर-जोर से चिल्लाकर अन्य कर्मचारियों को आवाज लगाई। शोर सुनकर फैक्ट्री के अन्य मजदूर मौके पर दौड़े और घनश्याम के ऊपर से बोरियां हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद जब घनश्याम को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी। सूचना मिलने पर माधव नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं, हादसा किसी लापरवाही से हुआ इन सब पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *