रिश्वत के आरोप में पटवारी गिरफ्तार: जबलपुर लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा, जमीन सीमांकन के बदले में मांगे थे पांच हजार रूपए

जनमत हिन्दी। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को कटनी जिले के स्लीमनाबाद तहसील के कौड़िया गांव में पदस्थ पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। पटवारी ने एक किसान से जमीन के सीमांकन के बदले में रिश्वत की मांग की थी। कौड़िया निवासी शिकायतकर्ता शिव कुमार जायसवाल ने लोकायुक्त जबलपुर से शिकायत की थी कि उसकी जमीन का सीमांकन करने के बदले में पटवारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने शिकायत की गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने तहसील क्षेत्र में जाल बिछाया। पीड़ित शिव कुमार जायसवाल ने पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को जैसे ही केमिकल लगे 5 हजार रुपए दिए, तभी पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त की टीम ने आरोपी पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया। हाथ धुलवाते ही पटवारी के हाथ गुलाबी हो गए। लोकायुक्त की कार्रवाई से स्लीमनाबाद तहसील परिसर और राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले के अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *