जनमत हिदी। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के सिलौड़़ी स्थित दो मंदिरों से मुकुट चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक से पुलिस ने चार चांदी के मुकुट बरामद किए गए हैं। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि 19 जनवरी को सूचना मिली थी कि सिलोंड़ी में धर्मपुरा हनुमान कुटी में मंदिर के अंदर से और सिलोंडी कस्बा में स्थित निजी मंदिर से भगवान हनुमान और भगवान राम लक्ष्मण के चांदी के चार मुकुट चोरी कर लिए गए हैं। मुकुट की कीमत करीब 80 हजार रूपए आंकी गई थी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। मामले की विवेचना के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ की गई। इस बीच पुलिस ने चोरी के संदेह के आधार पर सिलौड़ी गांव निवासी निखिल पिता विजय सेन (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान संदेही युवक ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के चार मुकुट बरामद कर लिए हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, चौकी प्रभारी अनिल पांडेय, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा सहित अन्य पुलिस बल की भूमिका रही।
चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार: मंदिर से चोरी किए गए चांदी के मुकुट बरामद, ढीमरखेड़ा पुलिस ने की कार्रवाई












Leave a Reply