जनमत हिन्दी। कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत देवरी मड़ाई गांव में शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से करीब एक दर्जन से अधिक महिलाएं क्षेत्र में अवैध रूप से बेची जा रही शराब की बोतल लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुुंची। महिलाएं अपने हाथ में क्षेत्र में अवैध रूप से बेची जा रही शराब की बोतलों को दिखाकर कार्रवाई की मांग की रही थी।महिलाओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर ही धरना प्रदर्शन किया। साथ ही स्थानीय पुलिस और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पर शराब माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। देवरी मड़ाई गांव की महिलाओं का नेतृत्व कर रही गुड्डी बाई चौधरी ने बताया कि गांव में राजेश पटेल, बाबू पटेल, संदीप पटेल और दीपक पटेल लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब बेच रहे हैं। इससे गांव के युवा और नाबालिग बच्चे नशे की लत में फंसते जा रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत स्लीमनाबाद थाना पुलिस और बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे से भी की थी। विधायक की ओर से केवल आश्वासन मिला, लेकिन पुलिस ने शराब बेचने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को महिलाओं ने खुद संदीप पटेल के ठिकाने पर पहुंचकर वहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी। इसके बाद महिलाओं ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शराब जब्त करने और आरोपियों पर कार्रवाई करने से मना कर दिया। पुलिस की अनदेखी से नाराज महिलाएं पकड़ी गई शराब खुद लेकर जिला मुख्यालय स्थित एसपी कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्लीमनाबाद थाने के कुछ पुलिसकर्मी शराब माफिया से नियमित पैसे लेते हैं, इसी वजह से कार्रवाई नहीं होती। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंची महिलाओं ने चेतावनी दी है कि गांव में अवैध शराब का कारोबार जल्द बंद नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब का अवैध विक्रय किया जा रहा है तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। डायल 112 में तैनात पुलिस कर्मियों पर लगे कार्रवाई नहीं करने के आरोपों की जांच भी कराई जाएगी। शराब का अवैध कारोबार क्षेत्र में नहीं होने दिया जाएगा। शराब के अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई होगी।
अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश: बोतलें लेकर एसपी ऑफिस पहुंचीं पुलिस, कार्रवाई की मांग












Leave a Reply