मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: नगर निगम परिसर में गूंजे वैदिक मंत्र, 30 कन्याओं ने थामा जीवनसाथी का हाथ

जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 30 कन्याओं के विवाह का साक्षी बना। जहां आज का नजारा अन्य दिनों से कुछ अलग रहा। इस अवसर पर वर और वधू पक्ष के रिश्तेदारों की चहल-पहल सुबह से ही देखने को मिली। घराती और बाराती पक्ष अपने मेहमानों के साथ कार्यक्रम स्थल में पहुंच रहे थे। विवाह का कार्यक्रम गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, निकाह योजना के तहत गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह धूमधाम से सम्पन्न होने पर गर्व महसूस होता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रयासों से अब बेटियां बोझ नहीं वरदान बनकर हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन कर रहीं है। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों द्वारा प्रत्येक वधु को गृहस्थी का सामान खरीदने 49 हजार रुपए की राशि का चेक और विवाह प्रमाण पत्र का सांकेतिक रूप से वितरण किया गया। इस दौरान महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, गोविंद चावला, उमेन्द्र अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद वंदना राजकिशोर यादव सहित अन्य पार्षदों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *