सब्जी मंडी में हुई चोरी का खुलासा: कटनी कोतवाली पुलिस को मिली सफलता, चोरी के मोबाइल बरामद

जनमत हिन्दी। कोतवाली थाना अंतर्गत सब्जी मंडी स्थित एक दुकान से लाखों रूपए मोबाइल चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को धरदबोचा है। आरोपियों से पुलिस ने लगभग साढ़े तीन रूपए कीमत के 20 मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में बुधवार को आयोजित की गई पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि शास्त्री कॉलोनी निवासी गांधी हिंदुजा ने 21 फरवरी 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सब्जी मंडी स्थित मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने 20 कीमती मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। चोरी गए अलग-अलग कंपनी ओप्पो, वीवो और रियलमी ब्रांड के थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण की विवेचना शुरू करने के साथ ही अज्ञात चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठन किया गया। वारदात स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीन संदिग्ध युवक नजर आए। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से पता चला कि संदिग्ध कटनी रेलवे स्टेशन से सतना जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। इसके बाद पुलिस की टीमें मैहर, सतना और रीवा के लिए रवाना की गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी सतना से भोपाल की ओर जाने वाली ट्रेन में बैठ गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को सिहोरा बाईपास स्थित महाराज ढाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी महाराष्ट्र के नागपुर जिले के हिंगना निवासी बाला उर्फ अक्षय (26), इंदौर के खजराना क्षेत्र निवासी सद्दाम उर्फ निसार (21) और भोपाल के खजुरी कला निवासी ताहिर (23) हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल दुकान से मोबाइल चोरी करना स्वीकार कर लिया है। आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडेय, खिरहनी पुलिस चौकी प्रभारी एसआई किशोर द्विवेदी, एसआई कुलदीप सिंह, एएसआई रमेश शरण मिश्रा, विजय शंकर गिरी, प्रधान आरक्षक रामपाल बागरी, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह, आरक्षक विवेक मिश्रा, प्रवीश सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मंडलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह, अजय साकेत, चंदन, अमित, रोहित की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *