जनमत हिन्दी। कटनी में राष्ट्र का 77वां गणतंत्र दिवस जिलेभर में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस का जिले का मुख्य समारोह यहां झिंझरी स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया गया। जहां मुख्य अतिथि कलेक्टर आशीष तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने खुली सफेद जिप्सी में परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया। इस मौके पर सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर किए गए और राष्ट्र धुन बजाई गई। कलेक्टर ने हर्ष और उत्साह के प्रतीक तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे मुक्त आकाश में छोड़ा। समारोह में प्लाटून द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया। मार्च पास्ट में विशेष सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल पुरुष, जिला पुलिस बल महिला और जिला होमगार्ड बल सहित एनसीसी और स्कूलों के प्लाटून शामिल थे। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर श्रीमती संध्या राजपूत ने किया जबकि सेकंड इन कमांडर संजीव रावत थे। मुख्य अतिथि कलेक्टर ने मार्च पास्ट के बाद परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
निकाली गई झांकियां
गणतंत्र दिवस पर आयोजित जिले के मुख्य समारोह में राज्य शासन के 12 विभागों द्वारा विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं पर केंद्रित आकर्षक झांकियां निकाली गई। जिनमें कृषि कल्याण कृषि विकास विभाग, जिला पंचायत, उद्योग विभाग, नगर निगम, वन विभाग, पुलिस विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, पशुपालन डेयरी विकास विभाग की झांकिया शामिल रही। इसमें जिला पंचायत कटनी की झांकी को प्रथम, नगर निगम कटनी की झांकी को द्वितीय कृषि विभाग की झांकी को तृतीय स्थान मिला।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
मुख्य कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत 9 स्कूलों एसीसी कैल्ड्रीज स्कूल, कन्या शिक्षा परिसर स्कूल, डीपीएस स्कूल, वार्डस्ले इंग्लिस मीडियम स्कूल, नेचर्स स्कूल, एनकेजे स्कूल, समक्ष छात्रावास, प्रेमनगर और सांदीपनी विद्यालय के छात्रों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुति देकर लोगों को देशप्रेम के जोश और जज्बे से ओत-प्रोत कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिता में डीपीएस स्कूल कटनी के छात्रों ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं कन्या शिक्षा परिसर स्कूल को द्वितीय और एसीसी कैल्ड्रीज स्कूल को तृतीय स्थान मिला। जबकि परेड प्रतियोगिता में जिला पुलिस बल महिला को पहला, जिला पुलिस बल पुरूष को दूसरा और विशेष सशस्त्र पुलिस बल कटनी को तीसरा स्थान मिला।
उत्कृष्ठ कार्य पर सम्मान
मुख्य समारोह स्थल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय कर्मियों और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कुल 67 शासकीय कर्मियों और 5 समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। जिसमें जिला पंचायत के 5, स्वास्थ्य विभाग के 13, लोक सेवा प्रबंधन विभाग के 3, महिला बाल विकास विभाग के 17, कलेक्टर कार्यालय के 9, पुलिस विभाग के 17, वन विभाग के 3 और 5 समाज सेवियों को सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद
मुख्य समारोह में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी, जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, पीतांबर टोपनानी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, विंकी सिंहमारे उईके, एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
आन-बान और शान से लहराया तिरंगा: मुख्य समारोह में कलेक्टर ने फहराया तिरंगा, जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस












Leave a Reply