जनमत हिन्दी। जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत झिरिया हार रेलवे लाइन के पास स्थित पेड़ में फांसी के फंदे से एक युवक की लाश लटकी हुए मिलने के मामले में मृतक की मां ने हत्या का आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी है। मां का आरोप है कि उसके बेटे के साथ मारपीट करते हुए उसे पेड़ में फांसी का फंदा बनाकर लटकाया गया था। मृतक युवक की मां का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। मृतक पवन सिंह ठाकुर की मां ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने बेटे की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि प्रेम प्रसंग के कारण उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। उमरिया जिले के पाली निवासी पवन सिंह ठाकुर का शव 17 दिसंबर 2025 को रीठी थाना क्षेत्र की सलैया चौकी अंतर्गत झिरिया हार रेलवे लाइन के पास एक पेड़ से लटका मिला था। पुलिस को घटनास्थल से एक जला हुआ बैग और जला हुआ लैपटॉप भी बरामद हुआ था। शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मानते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मृतक की मां मालती सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने पुलिस की आत्महत्या की कहानी को गलत बताया। उन्होंने कहा कि बेटे का बहोरीबंद क्षेत्र की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बेटे का शव उसी युवती के गांव के पास मिलना इस ओर इशारा करता है कि घटना के पीछे गहरी साजिश है। मां ने बताया कि घटनास्थल पर लैपटॉप और बैग का जला हुआ पाया जाना यह दर्शाता है कि हत्यारों ने डिजिटल साक्ष्य और पहचान मिटाने के लिए उनमें आग लगाई थी। परिजनों का कहना है कि पवन आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता था, उसे रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित तरीके से मारा गया है। मृतक की मां ने कहा कि मेरा बेटा सुसाइड नहीं कर सकता। जिस लड़की से उसका प्रेम प्रसंग था, उसी के गांव के पास उसकी लाश मिली है। सबूत मिटाने के लिए उसका सामान जलाया गया। हमें न्याय चाहिए और मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों के बाद सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। महिला द्वारा शिकायत पत्र में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले की अब और भी गंभीरता और सूक्ष्मता से जांच करेगी। प्रेम प्रसंग समेत सभी तकनीकी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि घटना की शुरूआत में भी यह मामला आत्महत्या का नहीं लग रहा था।
आत्महत्या या हत्या: मृतक की मां ने लगाए आरोप, मारपीट के बाद फांसी पर लटकाया गया शव












Leave a Reply