अवैध निर्माण पर सख्ती: बरगवां में कराए जा रहे अवैध निर्माण को रोका, नोटिस जारी

जनमत हिन्दी। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर के स्थाई और अस्थाई अतिक्रमणों सहित बिना अनुमति निर्माण कार्यों के प्रकरणों पर सक्रियता से कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत तीन अलग-अलग स्थलों में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों को चिन्हित कर निगम प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा नगर निरीक्षण के दौरान बरगवां के दो स्थलों में किशन चंद तीर्थानी और सुमित अग्रवाल द्वारा बिना किसी अनुमति के अवैध निर्माण कार्य कराते पाए जाने पर मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया गया। इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में सिल्वर टॉकीज मार्ग पर बिना अनुमति निर्माण कार्य की शिकायत प्राप्त होने पर स्थल निरीक्षण के दौरान मौके पर निर्माण कार्य होता पाए जाने पर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाया गया। अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि तीनों ही बिना अनुमति निर्माण कार्यों के प्रकरणों में निर्माण कार्य के दौरान प्रयुक्त होने वाली सामग्री को जब्त करते हुए पंचनामा तैयार किया। संबंधित तीनों निर्माणकर्ताओं को नगर निगम अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। कर्रवाई के दौरान उपयंत्री संजय मिश्रा, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अतिक्रमण अमले की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *