अवैध कॉलोनियों पर सख्ती: उपयंत्रियों को वार्ड भ्रमण करने के निर्देश, अवैध निर्माण से लेकर फायर एनओसी तक की होगी जांच

जनमत हिन्दी। नगर निगम आयुक्त आईएएस तपस्या परिहार ने बैठक में विभागीय गतिविधियों और विभिन्न योजनाओं सहित समय-सीमा के चिन्हित प्रकरणों , शिकायतों की समीक्षा की। निगमायुक्त ने निर्देशित किया कि आगामी 13 दिसंबर को नगर निगम द्वारा आयोजित की जाने वाली लोक अदालत का अधिक से अधिक करदाताओं को लाभ प्राप्त हो इसके लिए बैनर, पोस्टर, मुनादी, समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से पर्याप्त प्रचार-प्रसार किया जाए। नागरिकों की सुविधा और वसूली कार्य को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त ने आगामी दो दिन में शत-प्रतिशत बिलों का वितरण कार्य पूरा करते हुए बकाया करों की वसूली कार्य करने के लिए निर्देश दिए। निगमायुक्त ने बैठक के दौरान उपयंत्रियों को अपने प्रभार वाले वार्ड में प्रतिदिन भ्रमण करते हुए अवैध कालोनी  से संबंधित शिकायत पाए जाने पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को  वार्डो में अवैध रूप से संचालित हो रहे मैरिज गार्डन पर नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित करने के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से होटल संचालक, मॉल, स्कूल, हॉस्पिटल, बडी बिल्डिंगों की भी जांच कर उनके द्वारा नियमानुसार फायर सेफ्टी एनओसी नहीं लिए जाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नगर निगम कार्यालय और जोन कार्यालयों से माध्यम से कराए जा रहे आधार से समग्र के ई-केवाईसी कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान छूटे नागरिकों की ई-केवाईसी कराने के कार्य के साथ ही डुप्लीकेट आईडी के डिलीशन की कार्रवाई में गति लाने के लिए निर्देश दिए। निगमायुक्त द्वारा निगम के विभिन्न विभागों राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल प्रदाय विभाग, अतिक्रमण शाखा, कालोनी सेल, स्थापना शाखा, न्यायालयीन प्रकरण से संबंधित शिकायतों के समय-सीमा के लिए चिन्हित शिकायती प्रकरणों की समीक्षा कर निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त शैलेष गुप्ता, प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *