कटनी में सड़क हादसा: पिकअप ने मारी बाइक को टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर

जनमत हिन्दी। जिले के बड़वारा थाना अंतर्गत सुड्डी गांव मोड़ के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। जिसके कारण पिता-पुत्र की मौत हो गई है, जबकि पुत्र की पत्नी घायल हो गई है। जिसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। महिला का और बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि माधवनगर थाना क्षेत्र निवासी शिव सिंह (55) और उनका पुत्र मनोज सिंह (35) बहूं चंदा सिंह के साथ बरही सुखदास गांव शोक कार्यक्रम में शामिल होने बाद बाइक से मोटर साइकिल से लौट रहे थे, इसी दौरान सुड्डी गांव मोड़ के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खेत में चली गई। हादसे की जानकारी राहगीरों ने बड़वारा पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी। जिसके बाद  मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस डॉक्टरों के माध्यम से तीनों को  बड़वारा अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिव सिंह और मनोज सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल चंदा बाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक शिव सिंह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मनोज सिंह के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे बेटी शिखा (14 वर्ष) और बेटा सिब्बू (12 वर्ष) हैं। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *