जनमत हिन्दी। शहर के विभिन्न वार्डों में नागरिकों द्वारा उठाई जा रही मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने रफी अहमद किदवई वार्ड और दीनदयाल उपाध्याय वार्ड का दौरा किया। दौरे के दौरान महापौर जागृति कॉलोनी पहुंचीं, जहां उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय रहवासियों ने सड़क निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था के अभाव से उत्पन्न गंभीर परेशानियों से की जानकारी दी। कीचड़, जलभराव और आवागमन में बाधा जैसी समस्याओं को लेकर नागरिकों ने चिंता व्यक्त की। महापौर ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के चरणबद्ध और स्थायी निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को भविष्य में ऐसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। महापौर ने तिलक कॉलेज के पीछे स्थित गटागट मार्ग और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी ली। महापौर ने बताया कि नाली निर्माण पूरा होने से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होगी, जिससे क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिलेगी। महापौर ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में समान विकास सुनिश्चित करना उनका संकल्प है। जनसमस्याओं का तत्काल और प्रभावी समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के उपयंत्री जेपी सिंह बघेल, समाजसेवी अनिरुद्ध सोनी सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हर वार्ड में समान विकास का संकल्प: महापौर बोलीं– जनसमस्या का समाधान पहली प्राथमिकता












Leave a Reply