शराब के अवैध कारोबार के विरोध में प्रदर्शन: कटनी कलेक्ट्रेट के बाहर महिलाओं ने की नारेबाजी, सौंपा ज्ञापन

जनमत हिन्दी। जिले में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार के खिलाफ शुक्रवार को ग्रामीण महिलाओं के कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरेही और आसपास की दर्जनों महिलाओं ने कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गांव में खुलेआम बिक रही अवैध शराब पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा से मुलाकात कर एसपी और कलेक्टर के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं ने मांग की है कि बरही क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध शराब के ठिकानों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं मुन्नीबाई साहू ने गांव के ही कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों पर अवैध शराब बिक्री का सीधा आरोप लगाया है। महिलाओं द्वारा दी गई लिखित शिकायत में स्पष्ट रूप से राधे गिरि गोस्वामी, रोशन चौधरी और उमेश साहू पर शराब का अवैध कारोबार करने का आरोप लगाया गया है। महिलाओं ने बताया कि गांव में खुलेआम शराब अवैध रूप से बेची जा रही है। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने बरही थाने में कई बार इन अवैध गतिविधियों की शिकायत की है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की इसी निष्क्रियता के कारण शराब तस्करों के हौसले बुलंद हैं। महिलाओं ने गांव के बिगड़ते हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कह कि अवैध शराब की आसान उपलब्धता के कारण गांव के युवा नशे की गर्त में जा रहे हैं और अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। नशे में धुत असामाजिक तत्व गांव की लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़खानी और अभद्रता कर रहे हैं। क्षेत्र में नशे की वजह से सड़क दुर्घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *